गड्ढे भरे नहीं, एनएचएआई ने बंद कर दी सर्विस रोड
हापुड़। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर कुचेसर रोड चौपला के पास सर्विस रोड की मरम्मत करने के बजाय एनएचएआई के अधिकारियों ने इसे बैरिकेडिंग लगवाकर ब्लॉक कर दिया है। जिससे करीब तीस गांव के लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। सर्विस रोड पर जगह-जगह गहरे गड्ढों में जलभराव से आए दिन यहां हादसे होते हैं। गड्ढे में गिरने से एक व्यक्ति की जान भी जा चुकी है। स्थानीय लोगों ने अफसरों की अनदेखी पर रोष जताया है।
कुचेसर रोड चौपला पर हाईवे किनारे सर्विस रोड के बराबर नाला बना है। इस नाले से ही कस्बे के पानी की निकासी होती है। लेकिन नाले की सफाई न होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो रही है। वहीं आगे चलकर नाला बंद हो जाता है और इसका पानी ओवर फ्लो होकर सर्विस रोड पर आ जाता है। इसके कारण रोड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। लोग आए दिन गिरकर यहां चोटिल भी हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जब सड़क की मरम्मत की मांग की तो एनएचएआई ने नाकामी छुपाने के लिए सर्विस रोड को ही ब्लॉक कर दिया है।
किठौर और बीबी नगर का लिंक मार्ग
हाईवे से होकर मेरठ जिले के किठौर और बुलंदशहर जिले के बीबीनगर को जोड़ने का यह मुख्य लिंक मार्ग है, जिस पर दर्जनों गांव भी पड़ते हैं। ऐसे में सर्विस रोड के ब्लॉक कर दिए जाने से इन लोगों को जान संकट में डालकर गलत तरीके अपने गंतव्यों को जाना पड़ रहा है।
युवक की जा चुकी है जान
पिछले साल रात के समय बीबी नगर के गांव मंडौना निवासी बाइक सवार ब्रिजेश की इन्हीं गड्ढों के कारण मौत हो गई थी। वह दिल्ली से बीबी नगर लौट रहा था। दरअसल, दिल्ली से आने के दौरान यह सर्विस रोड ही बीबी नगर और किठौर को जोड़ती है, जबकि दूसरी ओर की सर्विस रोड की भी यही स्थिति है।
इन गांवों से जुड़ी है सड़क
सर्विस रोड से कुचेसर रोड, फतेहपुर, रसूलपुर, बीबीनगर, बनखंडा, दयानतपुर, महमदपुर, तिगरी, कनिया, अल्लीपुर, नली, कटक, रमपुरा, उदयपुर, हाजीपुर, मारकपुर, बीबीनगर, किठौर समेत दर्जनों गांवों के लोगों का रोजाना इसी मार्ग से आवागमन होता है।
कई सालों से झेल रहे परेशानी
कई सालों से लोग सर्विस रोड की बदहाली से परेशान हैं। समस्या का समाधान करने के बजाय अफसरों ने सर्विस रोड को ही ब्लॉक करा दिया है। इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। - समरपाल सिंह
आए दिन होते हैं हादसे
सर्विस रोड काफी जर्जर है, जिस पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। आए दिन इनमें गिरकर लोग हादसे का शिकार होते हैं। अब सर्विस रोड को ब्लॉक कर, हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित कर दिया है।--जतिन चौधरी
जल्द कराएंगे मरम्मत
सर्विस रोड को बंद किए जाने का मामला जानकारी में नहीं है। तत्काल टीम भेजकर इसकी जांच कराएंगे। जल्द ही सर्विस रोड का निर्माण करा, लोगों को राहत दिलाएंगे। लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।--राकेश सूद, पीडी।