पांच गांवों में 17 करोड़ से बनेंगे ओवरहेड टैंक
हापुड़। जल शक्ति मिशन के तहत जिले के पांच और गांवों में ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जाएगा। लगभग 17 करोड़ की लागत से इनका निर्माण होगा। डीएम की संस्तुति के बाद प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
जल जीवन मिशन व जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के तहत पाइप पेयजल योजना के लिए कार्य चल रहा है। जिले में करीब तीन सौ करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2024 तक काम पूरा करना हैं। योजना के तहत जल निगम ने जिले के 67 गांवों का चयन किया है।। हाल ही में 44 गांवों में ओवरहेड टैंक बनाने को मंजूरी मिल गई थी। इसके लिए 120 करोड़ रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया था। अब जल निगम ने पांच और गांवों में ओवरहेड टैंक के लिए 17.66 करोड़ रुपये का बजट शासन से मांगा है।
इन गांवों में होगा निर्माण
सिंभावली ब्लॉक-कनिया कल्याणपुर, मुबारिकपुर सलामतपुर, फतेहपुर मतनौरा
गढ़ ब्लॉक-अनुपुर डिबाई और हसुपुरा
सोलर पंप चलित होंगे टैंक
सभी गांवों में पंप के लिए लोगों को बिजली पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा। सभी ओवर हेड टैंक सोलर पंप चलित होंगे। इन गांवों के भूगर्भीय जल में आरर्सेनिक, फ्लोराइड व अन्य गुणवत्ता प्रभावित करने वाले तत्व शामिल हैं। ओवरहेड टैंक के निर्माण से इन गांवों के लाखों घरों को शुद्ध जल मिल सकेगा।
शासन को भेजा प्रस्ताव
सिंभावली ब्लॉक के तीन और गढ़ ब्लॉक के दो गांवों में ओवर हैड टैंक बनाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इनके निर्माण में 17.66 करोड़ की लागत आएगी। शासन से अगले महीने बजट जारी होने की उम्मीद है, जिसके बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।--विनय रावत, अधिशासी अभियंता जल निगम।