सराफा बाजार में हड़ताल, 10 करोड़ का कारोबार प्रभावित
हापुड़। अखिल भारतीय रत्न एवं आभूषण परिषद के आह्वान पर सोमवार को हापुड़ के सराफा व्यापारी भी हड़ताल पर रहे। उन्होंने सरकार द्वारा लाए जा रहे हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर (एचयूआईडी) की व्यवस्था का विरोध किया। उन्होंने इसे विक्रेता व उपभोक्ताओं के लिए नुकसानदायक बताया। सराफा व्यापारियों की हड़ताल से हापुड़ में करीब दस करोड़ का कारोबार प्रभावित रहा।
सरकार ग्राहकों को सोने की उपलब्धता शुद्ध व मानक के अनुसार कराने का प्रयास कर रही है। इसको लेकर पिछले दिनों सरकार हॉलमार्किंग जैसे नियमों को अनिवार्य बना चुकी है। बिना हॉलमार्किंग वाले आभूषणों को लेकर सख्त नियम बनाए जा रहे हैं।
अब सरकार हॉलमार्किंग के साथ-साथ हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर (एचयूआईडी) की कवायद कर रही है, लेकिन अखिल भारतीय रत्न एवं आभूषण परिषद से लेकर सराफा व स्वर्णकार एसोसिएशन हापुड़ इसका विरोध कर रहे हैं। सोमवार को हापुड़ के सराफा व्यापारियों ने इसके विरोध में एक दिवसीय हड़ताल रखी।
व्यापारियों ने अपने दुकान व प्रतिष्ठान बंद रखे तथा फैसला वापस लेने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि सरकार बेतुके नियम सराफा कारोबारियों पर लाद रही है। जबकि एचयूआईडी का नकली व असली से कोई सरोकार नहीं है। इसको व्यापारी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेंगे।
क्या बोले सराफा व्यापारी
कारोबार करना होगा मुश्किल
एचयूआईडी नियम का शुद्धता से कोई लेना देना नहीं है। इससे सराफा व्यापारी और ग्राहक की परेशानी ही बढ़ेगी। इसका पूरी तरह से विरोध किया जाएगा। - लोकेश कुमार रोहतगी, प्रधान सराफा एसो.।
व्यापारियों की बढ़ेगी परेशानी
नए एचयूआईडी नियम के लागू होने से व्यापारियों को इसका पूरा लेखा जोखा रखना होगा। इससे व्यापारियों की परेशानी कम होने बजाए बढ़ेगी ही। -अमित शर्मा, कोषाध्यक्ष सराफा एसो.।
सरकार करे पुनर्विचार
सरकार एचयूआईडी का नया नियम जल्दबाजी में लेकर आई है। सरकार को कोरोना महामारी में सरल नियम लाने चाहिए। इसलिए सरकार पुनर्विचार करे - अरविंद शर्मा, जिला संयोजक सराफा एसो.।
नया नियम जटिल
एचयूआईडी का नया नियम जटिल है। आने वाले समय में इसका प्रभाव व्यापारी व ग्राहक दोनों पर पड़ेगा। इससे सराफा कारोबार भी प्रभावित होगा। - गोविंद अग्रवाल, सराफा।