एनएच-9 पर खड़े ट्रक में भिड़ी बस व कार, दस लोग घायल
हापुड़। नेशनल हाईवे बाईपास स्थित मंसूरपुर कट के पास सोमवार सुबह रोडवेज बस ने खराब खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पीछे से आ रही एक कार भी बस में भिड़ गई। हादसों में दस से अधिक लोग घायल हो गए। गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान हाईवे पर भीषण जाम लग गया। घंटों तक वाहन रेंगते रहे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारु कराया।
महाराजगंज डिपो की एक रोडवेज बस सोमवार सुबह गोरखपुर से दिल्ली के लिए चली थी। गोरखपुर के बासकोपार निवासी धनंजय इस पर चालक था जबकि पुष्कर बुजुर्ग निवासी इंद्रजीत के अलावा बस में करीब 35 यात्री सवार थे। थाना देहात क्षेत्र के एनएच-9 स्थित गांव मंसूपुर कट के पास एक ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। तेज रफ्तार होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं कर सका। जिसके चलते बस पीछे से ट्रक से जा भिड़ी। इसी दौरान पीछे आ रही एक कार भी बस से टकरा गई। हादसे के बाद बस में चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देते हुए घायलों को बस से बाहर निकलवाया। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
घायलों में बस चालक धनंजय, दूसरा चालक बद्रीनाथ, परिचालक इंद्रजीत व बस में सवार गोरखपुर के खाकीपुर सइवा निवासी विश्वास त्रिपाठी, गोरखपुर निवासी संजीव यादव व जिला देवरिया के चरयाओ खास निवासी हेमंत यादव समेत दस से अधिक यात्री घायल हो गए। बाकी को मामूली चोटें हैं। इसके अलावा कार में सवार जनपद गाजियाबाद थाना मोदीनगर क्षेत्र के विजयनगर निवासी तीन भाई सेंसरपाल, रोहित व योगेंद्र के साथ रूपचंद भी घायल हो गए।
देहात थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि खराब ट्रक में रोडवेज ने पीछे से टक्कर मारी थी। कुछ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही किसी घायलों को कोई अधिक गंभीर नहीं है।
---
हादसे के बाद लगा लंबा जाम
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। हाईवे चौड़ीकरण का कार्य सुचारु होने के कारण वाहन चालकों को अधिक परेशानी हुई। हाईवे पर वाहनों की लंबी लंबी लाइनें लग गई। हालांकि पुलिस ने समय रहते क्रेन के माध्यम क्षतिग्रस्त वाहनों को हाइवे से हटवाया। करीब एक डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाइवे पर यातायात सुचारू हो सका। इससे पहले लोग वाहनों को डिवाइडर के ऊपर से निकालते हुए नजर आए। जाम में कई एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही। लोगों की लापरवाही के कारण जाम काफी देर बाद खुला।