संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला शिवनगर में महिला की बुधवार देर रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। बृहस्पतिवार दोपहर परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। तभी पुलिस पहुंच गई और पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शिवनगर निवासी देवेंद्र मजदूरी करता है। उसकी पत्नी विमलेश (35) नगर के निवासी एक कपड़ा व्यापारी के दुकान पर नौकरी करती थी। बुधवार रात विमलेश छत पर सो रही थी। जबकि देवेंद्र अपने चार बच्चों के साथ नीचे कमरे में सो रहा था। बृहस्पतिवार सुबह उसकी पत्नी छत से नीचे नहीं आई तो उसे देखने के लिए वह छत पर पहुंचा। उसने देखा कि पत्नी अचेत अवस्था में छत पर पड़ी थी। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजन चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। चिकित्सक ने बताया कि महिला की मौत जहर खाने से होने की आशंका है।
दोपहर के समय परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी पुलिस को सूचना मिल गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया। मौके पर मौजूद महिला के ससुराल पक्ष और मायके पक्ष के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया, लेकिन पुलिस ने ऐसा करने से इंकार कर दिया और शव को भीम नगर चौकी ले आई। पुलिस की कार्रवाई से नाराज कुछ लोगों ने चौकी पर हंगामा किया। हालांकि जल्दी ही पुलिस के समझाने पर लोग पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गए।
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि पति ने महिला के जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने के संबंध में तहरीर दी है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।