राहत : सीएचसी में आज से मिलेगी सीटी स्कैन की सुविधा
हापुड़। गढ़ रोड स्थित सीएचसी में एक सप्ताह के इंतजार के बाद आज से लोगों को सीटी स्कैन की सुविधा मिलने लगेगी। अल्ट्रासाउंड मशीन अभी भी चालू नहीं हो सकी है। इसके चलते मरीजों को जांच के लिए भटकना पड़ रहा है। निजी अस्पतालों में यह दोनों ही जांच बेहद महंगी होती है।
स्वास्थ्य विभाग को दो साल पहले सीटी स्कैन मशीन मिली थी, साथ ही अल्ट्रासाउंड मशीन भी गढ़ रोड सीएचसी में लगी हुई है। पूरे जिले से आने वाले मरीजों की जांचें इन्हीं दो मशीनों पर होती हैं। करीब एक सप्ताह पहले मशीनों के कुछ पार्ट्स खराब हो गए थे। ऐसे में मरीजों के अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन नहीं हो पा रहे हैं। इन मशीनों के पार्ट्स बंगलूरू से मंगाए गए थे, जो शनिवार को अस्पताल पहुंच गए। रविवार को सिटी स्कैन तो चालू कर दी गई, जिसका लाभ मरीजों को सोमवार से मिल सकेगा। लेकिन अल्ट्रासाउंड मशीन अभी भी खराब ही पड़ी है। निजी अस्पतालों में सिटी स्कैन हजारों रुपये में होता है, अल्ट्रासाउंड भी काफी महंगा होता है। जबकि सीएचसी में मरीजों को निशुल्क जांच की सुविधा मिल रही थी।
पेट में दर्द, नहीं हो सका अल्ट्रासाउंड
पेट में दर्द से परेशान हैं, चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड के लिए लिखा है। पैसों की तंगी के चलते कई दिन से सीएचसी के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन मशीन खराब होने के कारण अल्ट्रासाउंड नहीं हो सका है। काफी परेशानी हो रही है।--सोनिया।
बहन के सिर में चोट, नहीं हो सका सीटी स्कैन
बहन के सिर में चोट लगने के कारण उसके सिर में काफी दर्द है, चिकित्सक ने सिटी स्कैन कराने के लिए बोला है। कई दिन से चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन मशीन खराब होने की बात कह उन्हें वापस भेज दिया जाता है। पैसों की तंगी के चलते निजी अस्पतालों में जांच नहीं करा पा रहे हैं।--सौरभ।
सोमवार से चालू हो जाएगा काम
मशीनों के पार्ट्स बैंगलूरू से मंगाए गए हैं, समस्या ठीक करा दी गई है। रविवार तक मशीनों को चालू करा दिया जाएगा। मरीजों को सोमवार से इन सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।--डॉ दिनेश खत्री, सीएचसी अधीक्षक।