चार ऑक्सीजन प्लांट तैयार, बाकी 15 अगस्त तक 2 हो जाएंगे चालू
हापुड़। कोरोना की तीसरी लहर में जिले में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। अब तक चार ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार हो चुकेे हैं। जबकि अधिकारियों को दावा है कि बाकी दो का 15 अगस्त तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इन सभी प्लांट का निर्माण पूरा होने के बाद जिले में छह सौ ऑक्सीजन बेडों की संख्या भी बढ़ जाएगी।
कोरोना की दूसरी लहर लोग ऑक्सीजन के लिए एक जिले से दूसरे जिले में भटकते नजर आए। अधिकतर मौतें ऑक्सीजन लेवल कम होने के कारण ही हुई थी। इसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा छह ऑक्सीजन प्लांट तैयार करने की योजना बनाई थी। रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह द्वारा पिलखुवा और धौलाना में दो ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही अब जिले में चार ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण पूरा हो चुका है।
फिलहाल जिले में जिला अस्पताल, पिलखुवा सीएचसी, सपनावत सीएचसी, धौलाना सीएचसी चार प्लांट पूरी तरह से बनकर तैयार हो चुके हैं। जबकि सिंभावली सीएचसी और हापुड़ सीएचसी का निर्माण कार्य जारी है। अधिकारियों का दावा है 15 अगस्त तक सभी ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। कुल मिलाकर सभी प्लांट चालू होने के बाद यहां सौ-सौ आक्सीजन बेडों को इससे जोड़ दिया जाएगा। ऐसे में कुल छह सौ आक्सीजन बेड और बढ़ जाएंगे।
साढ़े तीन ऑक्सीजन कन्संट्रेटर भी मौजूद
जिले में ऑक्सीजन बेड के अलावा जिले में 350 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर भी मौजूद हैं। आपातकाल में 350 अन्य लोगों को भी ऑक्सीजन की जरूरत पूरी हो सकेगी।
सीएमओ डॉ. रेखा शर्मा : जिले में बाकी बचे ऑक्सीजन प्लांटों का निर्माण अंतिम चरण में है। सिंभावली के सिखैड़ा में निर्माण लगभग पूरा है। जबकि हापुड़ सीएचसी प्लांट का निर्माण भी 15 अगस्त तक कर लिया जाएगा।