गन्ना भुगतान के लिए रालोद का धरना
हापुड़। बढ़ती महंगाई और गन्ने के बकाया भुगतान के लिए रालोद कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद डिप्टी कलक्ट्रेट पंकज सक्सेना को ज्ञापन सौंपा।
राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष गौरव प्रताप के नेतृत्व में सोमवार को कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।
जिलाध्यक्ष गौरव प्रताप ने बताया कि प्रदेश और केंद्र सरकार जनता का उत्पीड़न कर रही है। गन्ने का बकाया भुगतान भी अभी तक नहीं हुआ है। जिसे ब्याज सहित तत्काल कराया जाए। डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ते जा रहे हैं। रसोई गैस के दाम भी बढ़ा दिए गए। सरकार महंगाई रोकने में विफल साबित हुई है। किसानों को खेती के लिए बिजली मुफ्त मिलनी चाहिए। आम आदमी के 300 यूनिट तक बिजली फ्री मिले।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि कोरोना के दौरान छोटे दुकानदारों, व्यापारियों का बिजली का बिल माफ किया जाए। कोरोना के कारण जिन परिवारों ने अपनों को खोया है। उन परिवारों को आर्थिक सहायता मिले। प्रदेश में पंचायत चुनाव में सत्तारूढ़ दल के नेताओं द्वारा महिलाओं के साथ अभद्रता की न्यायिक जांच होनी चाहिए। कोरोना महामारी के चलते स्कूल की फीस घटाई जाए। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और प्रदेश मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलक्टर पंकज सक्सेना को सौंपा।
धरना देने वालों में उदयवीर सिंह, ओमपाल सिंह, एसपी सिंह, प्रेमवीर प्रधान, गुड्डू भरना, बोबिंद्र चौधरी, अमन सिरोही, दुष्यंत प्रधान, विपिन प्रधान ढाना, धीर सिंह प्रधान, कुक्कू, चमन सिंह, प्रवीन वाल्मीकि, मोनू, सुमित चौधरी, अशोक प्रधान आदि मौजूद रहे।