डिवाइडर से कार टकराने पर सिपाही घायल
हापुड़। दिल्ली पुलिस के सिपाही की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में घायल सिपाही को स्थानीय पुलिस अस्पताल ले गई। सिपाही द्वारा अस्पताल में हंगामा किया गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे अपने साथ ले गए।
जनपद मेरठ के थाना खरखौदा क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी नितिन दिल्ली पुलिस में सिपाही है। फिलहाल उसकी तैनाती थाना लालकिला में है। शनिवार रात वह सादे कपड़ों में अपनी कार में सवार होकर हापुड़ आया था। थाना देहात क्षेत्र गढ़ रोड पर सरकारी अस्पताल के निकट उसकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें वह घायल हो गया।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सिपाही को सरकारी अस्पताल ले गई। जहां, सिपाही ने जमकर हंगामा किया। अस्पताल कर्मियों ने सिपाही के नशे में होने का आरोप लगाते हुए पुलिस और परिजनों की सूचना दी। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि घायल के परिजनों को सूचना देकर हापुड़ बुलाया गया था। परिजन प्राथमिक उपचार के बाद उसे अपने साथ लेकर चले गए।