सीवर की खुदाई कराकर डीएम ने परखी गुणवत्ता
हापुड़। डीएम अनुज सिंह ने बृहस्पतिवार को अमृत योजना के तहत शहर में चल रहे सीवरेज कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि पूरा कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा होना चाहिए। उन्होंने बुलंदशहर रोड़ में सीवर की खुदाई कराकर इसकी गुणवत्ता परखी।
निरीक्षण के दौरान एई जल निगम आरके गोविल ने जिलाधिकारी को बताया कि इस योजना के अंतर्गत तीन कंपोनेंट हैं। पहले कंपोनेंट में बाउंड्री वाल, हापुड़ सीवरेज योजना फेज वन के तहत एसटीपी प्लांट बनाया जा रहा है। यहां पर 30 एमएलडी वाला प्लांट तैयार किया जा रहा है, जिसकी लागत 84.46 करोड़ है। इस कार्य को तीन कंपनियां मिलकर पूरा करेंगी। हापुड़ सीवरेज योजना पार्ट वन फेज-2 के अंतर्गत किए जाने वाले कार्य की लागत 54.62 करोड़ होगी। इसके तहत लक्ष्य के अनुसार 42.7 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डाली जाएगी। जिसके अंतर्गत 41.7 किलोमीटर लाइन पूर्ण की जा चुकी है। शेष कार्य जल्द ही पूर्ण कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता को लेकर बुलंदशहर रोड़ में सीवरेज की खुदाई कराकर जांच की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखकर ही कार्य किया जाए। निरीक्षण के दौरान एडीएम जयनाथ यादव, एम कुरैशी, आरके गोविल, जेई राजकुमार शर्मा, राजकुमार सैनी उपस्थित रहे।