मुस्तैद रहे पुलिस, लोगों की सुरक्षा में न हो चूक : एडीजी
हापुड़। एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल व आईजी प्रवीण कुमार ने सोमवार को ततारपुर स्थित नवनिर्मित पुलिस चौकी व एकीकृत कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस मुस्तैद रहे।
कोतवाली नगर में जनपद का एकीकृत कंट्रोल रूम बनाया गया है। एडीजी राजीव सभरवाल और आईजी प्रवीण कुमार ने फीता काटकर कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया गया। इसके बाद उन्होंने महिला हेल्पलाइन डेस्क पर आने वाले शिकायतों के बारे में जानकारी ली। शिकायत रजिस्टर की छानबीन की। एडीजी ने कहा कि लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर और मुस्तैद रहें। महिला अधिकारियों से कहा कि महिला हेल्प डेक्स पर आने वाली शिकायतों और समस्याओं का प्रमुखता के साथ हल किया जाए। इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में एकीकृत कंट्रोल रूम के खुलने से अब कम समय में शिकायत संबंधी कार्रवाई की जा सकेगी। वहीं, पुुलिस चौकी खुल जाने से क्षेत्रवासियों को छोटी-छोटी समस्याओं के निस्तारण के लिए थाने नहीं जाना पड़ेगा। अपराध की रोकथाम के लिए भी यह पुलिस चौकी सहायक होगी। दिन-प्रतिदिन बढ़ती आबादी के चलते कानून व्यवस्था बनाये रखना एक चुनौतीपूर्ण कार्य हो गया है। ऐसे में विवाद शुरू होते ही निस्तारित कर दिया जाये तो बड़े बवाल से बचा जा सकता है।
आईजी प्रवीण कुमार ने कहा कि पुलिस चौकी खुलने से पुलिस को पूरे क्षेत्र की निगाहबानी करने में भी सहूलियत होगी। हाइवे पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। जिसके बाद अपराधियों का बच पाना नामुमकिन होगा। इस दौरान एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ सिटी वैभव पांडेय समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।