लालपुर में मतदान केंद्र के बाहर बवाल, छह घायल
धौलाना। लालपुर के मदरसे में बनाए गए मतदान केंद्र के बाहर प्रधान पद के प्रत्याशियों के समर्थकों में विवाद के बाद जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हो गया। जिसमें करीब छह ग्रामीण घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकराते हुए लोगों को दौड़ाया। इसके बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने गांव में रूट मार्च निकाला। इसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में मतदान कराया गया।
लालपुर में जाबिर की पत्नी नूरबानो प्रधान पद का चुनाव लड़ रही है। गांव के ही मुज्जफर और हकीकत भी प्रधानी का चुनाव लड़ रहे हैं। दोपहर के समय लालपुर में मदरसा के पास वोटों को लेकर प्रधान पद के दो प्रत्याशी समर्थकों ने नूरबानो के विरोध में टीका टिप्पणी कर दी। जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया तो मामला बढ़ गया। एक पक्ष के लोगों ने छत पर चढ़कर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में नूरबानो पक्ष के सैफ, खलील, जाबिर, नौशाद, अफसाना, शन्नो, अमतुलस को गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। जबकि कई मौके से फरार हो गए। धौलाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।