रात्रि कर्फ्यू में वोट मांगने पर प्रत्याशी समेत 15 के खिलाफ मुकदमा
हापुड़। बसपा से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी को रात्रि कर्फ्यू में प्रचार प्रसार करना महंगा पड़ गया। धारा-144 व कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन करने पर उनके व उनके 15 समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। शुक्रवार रात गांव खड़खड़ी में समर्थकों के साथ वोट मांगी जा रही थीं।
गांव धनौरा निवासी योगेश्वर त्यागी जिला पंचायत सदस्य पद के लिए बसपा समर्थित प्रत्याशी हैं। शुक्रवार रात वह समर्थकों के साथ वोट मांगने के लिए रात्रि कर्फ्यू के दौरान गांव खडख़ड़ी पहुंचे थे। यहां धारा-144 और कोविड-19 प्रोटोकाल की अवहेलना की गई। बड़ी संख्या में समर्थक और ग्रामीण यहां मौजूद थे। इसकी सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बसपा प्रत्याशी योगेश्वर त्यागी समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। देहात थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि मामले में योगेश्वर त्यागी, राजेंद्र, धर्मवीर, महेश चंद, सर्वेश, सैंकी, बाबी, विवेक त्यागी, सतीश, कृष्ण, बंटी, भूषण, पूरन, योगेश और योगेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।