एचटी लाइन का टूटा तार जोड़ने गए विद्युतकर्मियों से मारपीट
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव असरा में हाइटेंशन लाइन के टूटे हुए तार जोड़ने गई विद्युत निगम की टीम के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। तार टूटने से बिटोरों में आग लगने से लोग नाराज थे। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना देहात क्षेत्र के गांव वझीलपुर विद्युत केंद्र के अवर अभियंता एचएस प्रजापति ने बताया कि सोमवार को गांव असरा में हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया था। इससे वहां स्थित बिटौरे में आग लग गई थी। आग बुझने के बाद टेक्नीशियन गजेंद्र पांच अन्य कर्मचारियों के साथ तार जोड़ने के लिए गया था। इस दौरान गांव असरा निवासी कपिल, कपिल पुत्र बिल्लू, गौरव व शीनू ने गाली-गलौज कर विद्युत निगम की टीम के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। यह लोग बिटोरों में आग लगने से गुस्से में थे। इसी के चलते इन्होंने टीम पर हमला बोल दिया। किसी तरह कर्मचारी जान बचाकर वझीलपुर विद्युत केंद्र पर पहुंचे और अवर अभियंता को मामले की जानकारी दी। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।