अलर्ट : कोरोना के नए रूप से जिले में संक्रमण का बढ़ा खतरा
हापुड़। जिले ने कोरोना संक्रमण की पहली लहर को करीब सात महीने तक लोगों ने झेला है। इस संक्रमण से 67 लोग अपनी जान गवा चुके हैं, जबकि 4500 से अधिक संक्रमित हो गए हैं। ऐसे में अब जिला कोरोना के नए स्ट्रेन के साये में आ चुका है। लोगों ने गाइडलाइन का पालन नहीं किया तो संक्रमण का नया रूप घातक हो सकता है। सीएमओ ने वीडियो जारी कर कोरोना के नए स्ट्रेन की जानकारी देते हुए लोगों को इससे बचाव की अपील की है।
जिले में कोरोना का पहला मामला दो अप्रैल को सामने आया था। शुरूआती महीने में मरीजों की संख्या कम ही रही। लेकिन जैसे-जैसे समय बढ़ा, संक्रमण की रफ्तार तेज हो गई। जून महीने से दिसंबर तक कोरोना का संक्रमण बढ़ता चला गया। 4500 से अधिक मरीज इसकी चपेट में आ गए। कमजोर प्रतिरोधक क्षमता से जूझते करीब 67 लोगों ने दम भी तोड़ दिया। अब बीते करीब तीन महीने से संक्रमण की रफ्तार धीमी हुई है। लेकिन देश के अनेकों राज्यों में कोरोना फिर से नए स्ट्रेन के रूप में आ गया है। बीते तीन महीने में रोजाना एक दो मरीज ही मिल रहे थे, लेकिन अब संख्या तेजी से बढ़ी जा रही है। मेरठ रोड आवास विकास के 5 लोगों में कोरोना की पुष्टि से अफरा तफरी मची हुई है, इससे पहले कचहरी में 21 मरीजों में इसकी पुष्टि हो चुकी है। ऐसे में अब महामारी से बचाव को मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग को अनिवार्य कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस बार कोरोना का नया स्ट्रेन तेजी से फैलने वाला है। हापुड़ सीएमओ डॉ रेखा शर्मा ने एक वीडियो जारी की है जिसमें इस नए स्ट्रेन की जानकारी दी है तथा बताया है कि तरह नया स्ट्रेन पुराने कोरोना संक्रमण से कहीं अधिक तेजी से फैलता है।
-जिले में कोरोना की स्थिति-
महीना मरीजों की संख्या
अप्रैल 2020 46
मई 2020 72
जून 2020 545
जुलाई 2020 608
अगस्त 2020 508
सितंबर 2020 992
अक्तूबर 2020 504
नवंबर 2020 611
दिसंबर 2020 426
जनवरी 2021 61
फरवरी 2021 62
मार्च 2021 36
-निगरानी समितियां रख रहीं नजर-
कोरोना संक्रमण के प्रभाव को देखते हुए गांव, शहर में निगरानी समितियों को अलर्ट कर दिया गया है। यह समितियां संदिग्ध मरीज या बाहर से आने वालों पर नजर रख रही हैं।
जिले में कुल जांच के एक फीसदी में मिला संक्रमण
जिले में अब तक 418478 लोगों की सैंपलिंग की जा चुकी है। इनमें से 4471 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, जबकि 67 ने जान गवाई है। संक्रमण दर 1.07 है, जबकि मृत्यु दर 1.50 फीसदी है। रिकवर होने वालों की दर 97.94 फीसदी है।
अधिकारी कहिन-
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। कोरोना का नया स्ट्रेन बेहद खतरनाक है और पहले से कहीं अधिक तेजी से यह फैलता है। इसलिए सावधानी बरती जाए।