सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मौत
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव नियामतपुर स्थित कोल्ड स्टोरेज के पास सड़क दुर्घटना में घायल ट्रैक्टर सवार व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई है। इस मामले में परिजनों द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव रामपुर नियामतपुर निवासी मलखान ने बताया कि 25 मार्च को उसका भाई रंजीत ट्रैक्टर लेकर थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव उपैड़ा स्थित कोल्ड स्टोरेज में गया था। कोल्ड स्टोरेज के सामने प्राइवेट बस ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी थी। जिससे रंजीत गंभीर रुप से घायल हो गया था। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार देर शाम परिजनों ने थाने में तहरीर दी। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने बस के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।