होली पर हर पांच मिनट में मिलेगी बस
हापुड़। होली के मद्देनजर यात्रियों को हर पांच मिनट में रोडवेज की बस सेवा मिलेगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई हैं। 25 मार्च से हापुड़ डिपो में प्रोत्साहन योजना शुरू हो जाएगी। गोरखपुर, सीतापुर, लखनऊ, आजमगढ़ के लिए भी बस अड्डे से बसों का संचालन होगा। यात्रियों के लिए वातानुकूलित बसों की भी सुविधा रहेगी। एआरएम ने समस्त कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं।
हापुड़ डिपो से विभिन्न मार्गों पर 110 बसों का संचालन होता है। बेहतर सफर और राजस्व के मामले में हापुड़ डिपो प्रदेश में परचम लहरा रहा है। होली की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में शासन के आदेश पर हापुड़ डिपो की बसों में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक प्रोत्साहन योजना लागू कर दी गई हैं।
इस योजना के तहत लगातार दस दिन ड्यूटी करने वाले चालकों को चार हजार रुपये एक मुश्त व वर्कशॉप कर्मियों को 1200 रुपये एक मुश्त दिए जाएंगे। वहीं प्रतिदिन 300 किलोमीटर से अधिक बस चलाने पर चालकों को 55 पैसे/किलोमीटर की दर से अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा।
एआरएम ने व्यवस्थाओं को लेकर कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं। साथ ही बेहतर बस संचालन के कड़े निर्देश दिए हैं। मुख्य बात यह है कि लोकल रूटों के साथ ही इस बार गोरखपुर, सीतापुर, लखनऊ, आजमगढ़ के लिए बस अड्डे से ही दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक बसें मिलेंगी। वातानुकूलित बसों का लाभ भी उठाया जा सकेगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनपी सिंह ने बताया कि यात्रियों को होली पर हर पांच मिनट में बस सेवा मिलेगा। जिन मार्गों पर भीड़ बढ़ेगी, वहां अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त करा दी गई हैं।