बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे के साथ ही शासन स्तर से अनेक जागरूकता के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। फिर भी हापुड़ जिले में बेटियों का लिंगानुपात बेटों के बराबर भी नहीं पहुंच रहा है। बीते दो सालों में स्थिति में सुधार तो आया है, लेकिन अभी भी बेटों के सापेक्ष बेटियों की जन्मदर 10 फीसदी कम है। स्वास्थ्य विभाग अब लोगों के बीच जाकर काउंसिलिंग करेगा, ताकि अस्थिर हो रहा लिंगानुपात व्यवस्थित हो सके।
बेटियों की कम औसत से पारिवारिक ढांचा बिगड़ने लगा तब लोगों को बेटियों की महत्ता समझ में आई। भ्रूण लिंग जांच पर सख्त कानून और जागरूक ता के चलते बेटियों की संख्या बढ़ तो रही है लेकिन सफलता अभी पूरी नहीं मिली है।
जिले में लिंगानुपात पर गौर करें तो करीब बेटियों की जन्मदर बेटों के सापेक्ष दस फीसदी कम है। बेटियों बेटों के सापेक्ष कम जन्म ले रही हैं। इसका कारण गंभीर हो सकता है। बेटियों के जन्म पर अभिभावक खुशी मनाए, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग अब लोगों के बीच जाकर उनकी काउंसिलिंग कराएगा। इतना ही नहीं अल्ट्रासाउंड संचालक, चिकित्सकों को निर्देशित किया जा रहा है कि वह कानून न तोड़े और कन्या भ्रूण हत्या के बारे में सोचे भी नहीं, अन्यथा जेल की हवा खानी पड़ सकती है।
जिले में लिंगानुपात की स्थिति-
साल जन्मे बेटे जन्मीं बेटियां
वर्ष 2020-21 11,679 10,596
वर्ष 2019-20 17,105 15,607
वर्ष 2018-19 16,812 15,040
एक हजार बेटों के सापेक्ष जन्मीं बेटियां
वर्ष बेटा बेटी
2020-21 1000 912
2019-20 1000 907
लिंगानुपात सुधार के हो रहे प्रयास
जिले में बेटा, बेटियों के लिंगानुपात को सुधरने के लिए अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर लिंग परीक्षण पर रोक है। अस्पतालों में कन्या भ्रूण हत्या पर जेल का प्रावधान है, साथ ही निगरानी के लिए मशीनों पर ट्रेकर लगाए गए हैं।
जागरूकता कार्यक्रम से सचेत हो रहे अभिभावक
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं को लेकरच अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिससे अभिभावक बेटियों को लेकर सचेत हो रहे हैं। यही कारण है कि बीते कुछ सालों में स्थिति सुधरी है।
अधिकारी कहिन
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि जिले में कन्या भ्रूण हत्या, लिंग परीक्षण जैसे अपराध किसी हाल में नहीं होने दिए जाएंगे। अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है। लिंगानुपात में धीरे धीरे सुधार हो रहा है।