चमरी में कब्जामुक्त होगी पालिका की जमीन, बच्चों के लिए बनेगा पार्क
हापुड़। नगर के मोहल्ला चमरी में पालिका की जमीन पर हुए अवैध कब्जे की शिकायत पर शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत ने निरीक्षण किया। इस दौरान लगभग 4460 वर्ग मीटर पर अवैध कब्जा मिला। उन्होंने जमीन को कब्जामुक्त करने व इसकी चाहरदिवारी करने के अलावा एक हजार मीटर में बच्चों के लिए पार्क बनाने के आदेश दिए।
उल्लेखनीय है कि मोहल्ला चमरी में मुख्य रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। उसके बाद एक पक्ष ने मोहल्ले में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा की शिकायत की थी। प्रशासन, नगर पालिका और तहसील की टीम ने मौके का निरीक्षण किया था। एसडीएम सत्यप्रकाश ने तहसील की टीम ने सरकारी जमीन की पैमाईश कराई थी। उसके बाद नगर पालिका ने सभी को नोटिस भेजने की कार्रवाई की थी। शुक्रवार को नगर पालिकाध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत ने चमरी पहुंचकर अवैध कब्जे वाली जमीन का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद के खत्ते व तालाब की जमीन का भराव कराने के आदेश दिए वहीं लगभग 4460 वर्ग मीटर अवैध कब्जे वाली जमीन को मुक्त कराकर इसकी चाहरदीवारी करने के आदेश दिए। इसके अलावा यहां एक हजार वर्ग मीटर में बच्चों के लिए पार्क बनाने की भी घोषणा की। इसके बाद उन्होंने लोगों के साथ बैठक की तथा सबली के सामने आने वाले रास्ते की चौड़ाई दस फुट करने के लिए कहा। इस पर अधिकांश लोगों ने पालिकाध्यक्ष के प्रस्ताव का समर्थन किया। इससे रास्ते को दोनों ओर से दो-दो फुट तक कब्जामुक्त कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने मोहल्लों में दो सड़क जल्द बनवाने का आश्वासन दिया।
नगर पालिकाध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत ने बताया कि चमरी में पालिका की करीब 4460 वर्ग मीटर जमीन को कब्जा में लेने की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। इसमें करीब एक हजार वर्ग मीटर जमीन पर स्थानीय लोगों के लिए एक पार्क बनवाया जाएगा। संवाद