अब दरी-चटाई पर नहीं पढ़ेंगे सरकारी स्कूल के बच्चे
हापुड़। बेसिक शिक्षा विभाग से संबद्ध परिषदीय स्कूलों के छात्र अब कुर्सी व मेज पर बैठकर कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर शिक्षा ग्रहण करेंगे। इसके लिए शासन द्वारा फिलहाल आठ स्कूलों में फर्नीचर के लिए 12.27 लाख रुपये का बजट आवंटित कर दिया गया है। जैम पोर्टल के माध्यम से इसकी खरीदारी होगी। निगरानी के लिए भी कमेटी बनेगी, ताकि गुणवत्ता के साथ छेड़छाड़ नहीं हो सके। इस पहल से सैकड़ों छात्रों को शिक्षा का अच्छा माहौल मिल सकेगा।
हापुड़ जिले में परिषदीय स्कूलों की संख्या 700 से अधिक है। इनमें 54 हजार से अधिक छात्र पढ़ाई करने के लिए आते हैं। अभी तक छात्रों को फर्श पर नीचे बैठ कर ही पढ़ाई करनी पड़ती है। जबकि शासन की मंशा परिषदीय स्कूलों को कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर चलाना है। लेकिन छात्रों को अभी तक यह माहौल नहीं मिल पा रहा है।
अब शासन द्वारा इसी क्रम में जिले के आठ स्कूलों में फर्नीचर की व्यवस्था कराने के लिए 12.27 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया गया है। हालांकि अभी स्कूलों का चयन नहीं हो सका है। फर्नीचर की खरीद के लिए जैम पोर्टल को माध्यम बनाया गया है, ताकि इसमें घपलेबाजी न हो सके। पूरी प्रक्रिया टेंडर के माध्यम से ही होगी।
फर्नीचर की गुणवत्ता को लेकर एक निगरानी समिति का भी गठन किया जाएगा। समिति के सत्यापन के बाद ही फर्नीचर के बिलों का भुगतान हो सकेगा। कुल मिलाकर इस पहल से गरीब छात्रों को कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर ही बैंच, कुर्सियों पर बैठकर पढने का मौका मिलेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अर्चना गुप्ता ने बताया कि शासन से आठ स्कूलों में फर्नीचर की व्यवस्था का निर्देश मिला है। बजट भी जारी कर दिया गया है, जल्द ही इस प्रक्रिया का अनुपालन कराया जाएगा।