पशुओं की कैंटर से उगाही पड़ी महंगी, पुलिस जीप का ड्राइवर निलंबित
हापुड़। कटान के लिए जा रहे पशुओं से भरे ट्रकों से पुलिस द्वारा उगाही करने का मामला नया नहीं है। जगह-जगह किसी न किसी रूप में इस प्रकार की उगाही दिख जाएगी। बाबूगढ़ क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की यह हरकत कैमरे में कैद हो गई। मामला वायरल हुआ तो एसपी ने तत्काल प्रभाव से बाबूगढ़ थाने के आरोपी जीप ड्राइवर को निलंबित कर दिया। उसकी जांच के आदेश दिए गए हैं।
बाबूगढ़ थाने की हाईवे पेट्रोलिंग जीप पर तैनात ड्राइवर प्रमोद यादव द्वारा हाईवे 09 पर कटान के लिए पशुओं की गाड़ी से उगाही की जा रही है। इस संबंध में बृहस्पतिवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पशुओं से भरे ट्रक का क्लीनर हाईवे पर जा रहा था। तभी बाबूगढ़ क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी पुलिस की गाड़ी के पास इस ट्रक की गति धीमी होती है और क्लीनर के हाथ से पुलिस जीप का चालक रुपये थाम लेता है। इसके बाद ट्रक बिना किसी रोकटोक के आगे बढ़ जाता है। यह पूरा वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में अफरा तफरी मच गई। अधिकारियों के साथ एसपी नीरज कुमार जादौन ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रथमदृष्टया बाबूगढ़ थाने में तैनात ड्राइवर प्रमोद यादव को निलंबित कर दिया।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि प्रकरण से पुलिस की छवि धूमिल हुई है। जिसके बाद आरोपी को निलंबित करते हुए मामले की जांच गढ़ क्षेत्राधिकारी को सौंपी है।