गैंगस्टर की हत्या कर शव सड़क पर फेंका
हापुड़। मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर से गैंगस्टर में निरुद्ध गाजियाबाद निवासी एक युवक की हत्या कर शव हाफिजपुर थाना क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास फेंक दिया गया। शनिवार देर रात शव मिलने पर पुलिस ने शिनाख्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की कार रविवार दोपहर जनपद बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र से बरामद हुई है। वह फिलहाल चोरी के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हाफिजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोना पेट्रोल पंप के पास स्थित गोल चक्कर के पास शनिवार देर रात एक युवक का शव हाईवे पर पड़ा मिला था। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त सचिन पुत्र जसवंत निवासी गाजियाबाद गोशाला फाटक के रूप में की। सूचना पर परिजन भी हापुड़ पहुंच गए।
पिता जसवंत ने बताया कि शनिवार शाम उसका 28 वर्षीय पुत्र सचिन बाइक लेकर घर से निकला था। इसके बाद उसने गाजियाबाद के माधोपुरा निवासी अपने दोस्त के घर बाइक खड़ी की और उसकी कार लेकर कहीं निकल गया। देर शाम तक भी वह घर नहीं लौटा तो सचिन की पत्नी कल्पना ने उसे फोन किया। सचिन ने फोन पर बात करते हुए बताया कि वह किसी काम से हापुड़ आया है। इसके बाद उसकी मौत की खबर पुलिस ने परिजनों को दी। पिता ने बताया कि किसी वस्तु से सिर पर वार कर सचिन की हत्या की गई है। उधर, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक की कार जनपद बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र से बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-----
सड़क पर औंधे मुंह पड़ा था युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक घटना के बाद सड़क पर औंधे मुंह पड़ा हुआ था। मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया गया था। सड़क पर गिरने के बाद दूर तक खून बह रहा था। युवक के शरीर पर अन्य कहीं चोट के निशान नहीं थे।