मामूली कहासुनी के बाद भिड़े दो पक्ष, जमकर हुआ पथराव
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला कोटला सादात में सोमवार शाम मामूली कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट के बाद पथराव हो गया, जिसमें पांच लोग लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को खदेड़ते हुए मामला शांत कराया। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
मोहल्ला कोटला सादात निवासी मोइनद्दीन व साबिर पक्ष के लोगों में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस के अनुसार रविवार शाम किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में एक बार फिर कहासुनी हो गई। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडों के साथ एक दूसरे से मारपीट करने लगे और कुछ ही देर में पथराव शुरू हो गया। पथराव से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों में घुस गए। झगड़े की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और लोगों को खदेड़ा। पथराव में एक पक्ष से सरफराज, जुबैर, जावेद व दूसरे पक्ष से साजिद व माजिद घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से पांच लोगों को हिरासत में लिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंचे और एक दूसरे पर आरोप लगा तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।