बाइक का चालान काटने पर किसान ने किया हंगामा
हापुड़। दत्तियाना गांव से हरोड़ा मोड़ पर फसलों की दवाई लेने आए एक किसान की बाइक का पुलिस ने चालान काट दिया। कागज पूरे होने के बाद भी चालान कटने पर किसान ने हंगामा किया। वहीं रविवार को इस मामले में एसपी से मिलने से शिकायत करने की बात कही है।
दत्तियाना निवासी रजनीश त्यागी ने बताया कि शनिवार को वह फसलों की दवाई लेने बाइक से हरोड़ा मोड़ के पास आए थे। दुकान पर जाते समय पुलिस ने उन्हें रोक लिया और कागज देखे इस बीच किसान का फोटो भी खींच लिया। कागज सही मिलने पर उन्हें भेज दिया गया।
लेकिन कुछ देर बाद ही रजनीश त्यागी के मोबाइल फोन पर चालान काटने का मेसेज भेज दिया गया। इस पर किसान वापस मौके पर पहुंचा और चालान काटने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। किसान ने बताया कि जब कागज पूरे थे और वह दुकान पर खरीदारी कर रहे थे तो उनका चालान क्यों काटा गया। इस बीच मौके पर भीड़ लग गई। इस मामले में किसान रजनीश त्यागी ने रविवार को चालान काटने वाले एसआई की एसपी से शिकायत करने की बात कही है।
एएसपी सर्वेश कुमार मिश्र का कहना है कि शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।