स्कूल खोलने के नाम पर हड़पे 12.69 लाख
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी एक व्यक्ति को स्कूल खोलने का झांसा देकर एक दंपती ने 12.69 लाख रुपये ठग लिए। रुपये वापस मांगने पर उसे हत्या की धमकी दी। एसपी के आदेश पर पुलिस ने दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी सुरेश चावला ने बताया कि वह बैंक से सेवानिवृत्त कर्मचारी है। नगर के मोहल्ला प्रभा विहार कॉलोनी निवासी हेमंत शर्मा व उसकी पत्नी डोली शर्मा से उसकी जान पहचान थी। वर्ष 2018 में दंपती ने उसके साथ मिलकर एक स्कूल खोलने की योजना बनाई थी। इसके लिए दोनों ने 12.69 लाख रुपये ले लिए। कुछ समय बाद दंपती ने स्कूल खोलने से इनकार कर दिया। इस पर पीड़ित ने दंपती से अपने रुपये वापस मांगे तो दोनों मुकर गए। इसके बाद आरोपियों ने रुपयों के बदले पीड़ित को अपनी कुछ जमीन देने की बात कही और इस संबंध में स्टांप पर लिखित समझौता हुआ था। इतना ही नहीं दंपती ने पीड़ित को बैंक चेक भी दिए थे। बैंक खाते में चेक लगाने पर वह बाउंस हो गए। इसके बाद दोनों ने न तो पीड़ित के रुपये वापस किए और न ही जमीन का बैनामा किया। बार बार रुपये मांगने पर उसे हत्या की धमकी दी गई। शुक्रवार को पीड़ित ने एसपी से मामले की शिकायत की थी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि एसपी के आदेश पर दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।