कृषि कानूनों के खिलाफ भाकियू निकालेगी कैंडल मार्च
हापुड़। कृषि कानूनों के विरोध में रविवार को भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर फ्रीगंज रोड स्थित जिला कार्यालय से कैंडल मार्च निकाला जाएगा। गांवों में भी कैंडल जलाकर किसान सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन करेंगे। शनिवार को कार्यकर्ताओं ने गांवों में जनसंपर्क कर कैंडल मार्च को सफल बनाने की अपील की। रसूलपुर गांव में बैठक भी हुई। वहीं, 18 फरवरी को रेल रोको आंदोलन की तैयारियां भी कार्यकर्ताओं ने शुरू कर दी है।
देशभर के किसान कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। दिल्ली की सड़कों पर करीब तीन महीने से किसान धरना जमाए हुए हैं। ऐसे में अब किसानों ने सरकार की नीतियों के विरोध में रविवार को कैंडल मार्च निकालने का एलान किया है। रसूलपुर गांव में पंचायत में किसानों ने कैंडल मार्च को सफल बनाने की रणनीति बनाई।
भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष धनवीर शास्त्री ने बताया कि शाम 6 बजे से कार्यकर्ता फ्रीगंज रोड स्थित जिला कार्यालय पर एकत्र होंगे। यहां कृषि कानूनों की खामियों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद कैंडल मार्च तहसील चौराहा, गढ़ रोड, अतरपुरा चौराहा, रेलवे रोड, फ्रीगंज रोड होते हुए वापस जिला कार्यालय पर संपन्न होगा।
इसके साथ ही गांवों में भी किसान कैंडल जलाकर सरकार की नीतियों का विरोध करेंगे। साथ ही गाजीपुर बॉर्डर के लिए भी किसान रवाना होंगे। इतना ही नहीं 18 फरवरी को रेल रोको आंदोलन को सफल बनाने की भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
भाकियू के मंडल प्रवक्ता दिनेश खेड़ा ने कहा कि जब तक सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी, तब तक आंदोलन को जारी रखा जाएगा। सरकार किसानों को दबाने का प्रयास कर रही है, इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।