बजट के अभाव में अटका गाजियाबाद डायट का निर्माण
हापुड़। बजट के अभाव में गाजियाबाद जिले के मुरादनगर के पास असालतपुर गांव में प्रस्तावित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) का निर्माण लंबे समय से अटका हुआ है। जिसके कारण गाजियाबाद के हजारों अभ्यर्थी अभी भी हापुड़ डायट में ही प्रशिक्षण लेेने के लिए मजबूर हैं। फिलहाल बजट के जारी होने की भी कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।
गाजियाबाद से हापुड़ के रूप में जिला प्रथक होने के बाद डायट हापुड़ जिले के हिस्से में आ गई। तभी से गाजियाबाद जिले के लिए नई डायट के निर्माण की मांग उठ रही हैं। गाजियाबाद जिले के 26 प्राइवेट कॉलेज और डायट में प्रशिक्षण ले रहे हजारों अभ्यर्थियों को लंबा सफर तय करके हापुड़ आना पड़ता है। ऐसे में नई डायट के लिए विभाग द्वारा गाजियाबाद के मुरादनगर के पास असालतपुर में चार हजार वर्ग मीटर भूमि का चयन पूर्व में ही कर लिया गया था। इस भूमि में करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से डायट का निर्माण होना प्रस्तावित है। केंद्र सरकार से इस बजट को स्वीकृति भी मिल चुकी है। लेकिन अभी तक बजट विभाग को रिलीज नहीं किया गया है।
डायट प्राचार्य दिनेश सिंह ने बताया कि पूर्व में ही गाजियाबाद डायट के लिए भूमि का चयन कर लिया गया था। लेकिन फिलहाल निर्माण के लिए बजट प्राप्त नहीं हुआ है। बजट मिलने के बाद ही निर्माण शुरू हो पाएगा।