मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने जा रहे सपाई गिरफ्तार
हापुड़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला एक बार फिर गाजियाबाद से मेरठ जाते समय हापुड़ से होकर गुजरा। इस दौरान मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने जा रहे छह सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। हाईवे पर वाहनों की आवाजाही जगह-जगह रोकते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। मुख्यमंत्री के गुजरने के बाद शहर और हाईवे पर जाम की स्थिति रही और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गाजियाबाद से मेरठ के लिए रवाना होना था। लेकिन उनके कार्यक्रम में कई बार बदलाव हुआ। हालांकि यहां से होकर मेरठ जाने की आशंका को देखते हुए जिले में छिजारसी टोल से मेरठ बार्डर तक एनएच- 09 और एनएच 334 पर सुबह से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। ततारपुर बाईपास पर भी अधिकारी मौजूद रहे। जैसे ही मुख्यमंत्री के हापुड़ से गुजरने का मैसेज मिला जिले का पुलिस प्रशासन एक्शन में आ गया। हाईवे पर वाहनों को जहां तहां रोक लिया गया था। हाईवे से वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया। कोई वाहन हाईवे पर अचानक न आ जाएं इसके लिए सभी कटों पर बैरिकेड लगा दिए गए थे। सूचना के बाद एसपी नीरज कुमार जादौन, एसडीएम सत्यप्रकाश, सीओ वैभव पांडेय, बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सोमबीर सिंह ततारपुर बाईपास पर व्यवस्थाएं संभालने में लगे रहे। इसी दौरान सूचना मिली की सपा के कुछ कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का काफिले को काले झंडे दिखाने के लिए आ रहे हैं। पुलिस ने छात्र नेता रविंद्र यादव, गौरव गोयल, पीयूष मनोठिया, रोहित जाटव, कुणाल आर रीता चौधरी को हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में इन्हें रिहा कर दिया गया।
आनन फानन में हाईवे की कराई सफाई-
मुख्यमंत्री के दिन के समय यहां से गुजने की सूचना के बाद जिला प्रशासन द्वारा आनन फानन में हाईवे की साफ सफाई कराई गई। ततारपुर बाईपास के आसपास सफाई कर्मचारी हाईवे पर झाडू़ लगाते हुए नजर आए।
मुख्यमंत्री को देखने के लिए पहुंचे लोग -
मुख्यमंत्री के हापुड़ ततारपुर बाईपास से होकर गुजरने की सूचना जैसे ही आसपास के लोगों को लगी तो लोग मुख्यमंत्री को देखने के लिए हाईवे किनारे जमा होने लगे। हालांकि पुलिस ने लोगों को हाईवे के करीब नहीं जाने दिया। लेकिन जैसे ही मुख्यमंत्री सफेद रंग की कार में आगे की सीट पर बैठे हुए दिखाई दिए तो लोगों ने हाथ हिलाकर काफी हो हल्ला किया।