कोहरे ने थामी वाहनों की रफ्तार, बेहद कम रही दृष्यता
हापुड़। हापुड़ में देर रात कोहरे ने वाहनों की रफ्तार थाम दी। इस दौरान एक मीटर से भी कम दृष्यता रही। जिसके चलते सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे के बीच कई बार सड़क दिखाई नहीं देने पर वाहन चालक रुकने को भी मजबूर हुए। लोगों को सर्दी का सितम भी झेलना पड़ा।
दिसंबर माह आधा बीतने को है। ऐसे में मौसम में बदलाव आना शुरू हो गया है। शनिवार को बारिश होने का असर देर रात को भी दिखा। इसके चलते देर रात करीब नौ बजे के बाद एकाएक कोहरा छा गया। सड़कों के साथ-साथ गली-मोहल्लों में भी कोहरा छाया रहा। सड़कों पर कोहरा छा जाने से वाहनों की रफ्तार भी प्रभावित हुई। भयंकर कोहरे के चलते एक-दो मीटर का भी देख पाना मुश्किल रहा। सड़कों पर वाहन रेंगते भी नजर आए। उन्होंने अपने वाहनों की फॉग लाइट जलाकर दूरी तय की, जबकि कुछ वाहन चालकों को अपने वाहन सड़क किनारे खड़े करने को भी मजबूर होना पड़ा।
हापुड़ शहर रातभर कोहरे की पतली चादर में लिपटा रहा। इससे लोगों को पहाड़ों जैसी ठंड का भी एहसास हुए रहा। हालांकि सुबह को कोहरा एकदम छंट गया। दिन में धूप निकलने पर लोगों ने राहत पाई। शाम को सूरज के छिपने पर फिर से सर्दी का सितम जारी रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।