गढ़ रोड पर खड़े वाहन बढ़ा रहे परेशानी
हापुड़। गढ़ रोड पर खड़े वाहन जाम जैसे हालातों को बढ़ावा दे रहे हैं। साथ ही लोगों के आवागमन में भी परेशानी का सबब बन रहे हैं। सरकारी मशीनरी की सुस्ती के वजह से लोग सड़कों पर ही वाहनों को खड़ा कर देते हैं।
हापुड़ शहर की अधिकांश सड़कों पर अतिक्रमण का जाल फैला हुआ है। इस सूची में मेरठ रोड, दिल्ली रोड, गढ़ रोड, बुलंदशहर रोड सहित गोल मार्केट, रेलवे रोड, स्वर्ग आश्रम रोड, चंडी मंदिर रोड बाजार भी शामिल हैं। वहीं सड़कों पर अतिक्रमण के साथ-साथ लोग सड़कों पर वाहनों को भी खड़ा कर देते हैं। सड़कों पर वाहनों के बेतरतीब तरीके से खड़ा होने के चलते जाम जैसे हालात भी बन जाते हैं। इसकी बानगी गढ़ रेाड पर देखी जा सकती है।
तहसील चौपले से लेकर पालिका गेट, अतरपुरा चौपला, पक्के बाग, तक यही आलम हर दिन रहता है। इसमें दोपहिया वाहनों के साथ-साथ चार पहिया वाहनों का भी येागदान रहता है। इससे लोगों को भी आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
एसडीएम सत्यप्रकाश ने बताया कि जल्द ही अतिक्रमण अभियान चलवाकर यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी हाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।