जिले में गन्ना पेराई सत्र शुरू, घूमा शुगर मिलों का चक्का
हापुड़। जिले में गन्ना पेराई सत्र बुधवार से शुरू हो गया है। दोनों शुगर मिलों पर बीते सत्र का 364 करोड़ रुपये बकाया है, फिलहाल पुराने केंद्रों पर ही खरीद होगी। क्योंकि नया अलॉर्टमेंट अभी नहीं हुआ है। जिले से 38 लाख क्विंटल गन्ना खरीद का लक्ष्य रखा गया है। भुगतान को लेकर डीएम, डीसीओ ने मिलों को नोटिस जारी किया है। चीनी के साथ ही सैनिटाइजर व अन्य स्त्रोतों से भी भुगतान कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती की जाती है। सत्र 2019-20 में सिंभावली शुगर मिल ने 465 करोड़ व ब्रजनाथपुर शुगर मिल ने 166.72 करोड़ रुपये के गन्ने की पेराई की थी। लेकिन अभी तक दोनों ही मिलों ने महज 267 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। कोरोना महामारी के चलते किसान आर्थिक तंगी में डूब गए हैं। ऐसे में गन्ना विभाग और जिला प्रशासन भी लगातार मिल पर भुगतान कराने का दबाव बना रहा है, लेकिन यह दबाव बेअसर साबित हो रहा है। आलम यह है कि दोनों ही शुगर मिलों पर अभी तक 364 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया चल रहा है। बुधवार को दोनों शुगर मिल चालू कर दिए गए। फिलहाल गन्ना खरीद केंद्रों का लखनऊ से अलाटमेंट नहीं हो सका है। जिसके चलते पुराने केंद्रों पर ही गन्ने की खरीद की जा रही है।
38,845 लाख क्विंटल गन्ना खरीद का लक्ष्य
- गन्ना विभाग के अनुसार जिले में इस बार अनुमानित 38,845 लाख क्विंटल गन्ना उत्पादित हुआ है, जो बीते वर्ष के मुकाबले कहीं अधिक है। ऐसे में बंपर गन्ने की पैदावार से जहां किसान खुश हैं, वहीं भुगतान को लेकर वह परेशान हैं।
231 केंद्रों पर होगी गन्ने की खरीद
- जिले में फिलहाल पूर्व में प्रस्तावित 231 खरीद केंद्रों पर ही गन्ने की सप्लाई होगी। इसमें सिंभावली शुगर मिल के 164 केंद्र हैं, जबकि ब्रजनाथपुर शुगर मिल के 67 केंद्र है। अभी लखनऊ से केंद्र अलॉटमेंट नहीं हो सका है।
डीएम, डीसीओ ने जारी किए नोटिस
- गन्ना भुगतान को लेकर डीएम व डीसीओ द्वारा हर 15 दिन के अंतराल पर मिल को नोटिस जारी किया जा रहा है, ताकि जल्द भुगतान हो सके। कार्रवाई की बात भी कही गई है।
अन्य स्त्रोतों से भी होगा भुगतान
- शुगर मिलों से जिला प्रशासन द्वारा चीनी के साथ ही सैनिटाइजर व अन्य स्त्रोतों से से भी किसानों को गन्ना का भुगतान कराया जाएगा।
जिले में गन्ना भुगतान की स्थिति
मिल बकाया राशि भुगतान
सिंभावली 288 करोड़ 177 करोड़
ब्रजनाथपुर 76 करोड़ 90.72 करोड़
कोट
जिला गन्ना अधिकारी निधि गुप्ता ने बताया कि शुगर मिलों में पेराई चालू हो चुकी है। गन्ना भुगतान को लेकर मिल को नोटिस जारी किया गया है। किसानों को जल्द ही भुगतान दिला दिया जाएगा।