कोरोना के 11 नए मामले मिले, 10 हुए ठीक
हापुड़। जिले में सोमवार को कोरोना के 11 नए मामले सामने आए, जबकि 10 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए। संक्रमित मरीजों को आईसोलेशन वार्डों में भर्ती करा दिया गया है। संपर्क में आए लोगों के सैंपल जांच को लैब भेजे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सोमवार को एंटीजन किट की जांच में 10 व ट्रू नेट मशीन में जांच में एक समेत कुल 11 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। संक्रमित मरीजों में जवाहर गंज का एक, न्यू आलोक कॉलोनी का एक, हिम्मतपुर का एक, रामा मेडिकल कॉलेज कैंपस का एक, बागड़पुर का एक, सिरोधन का एक, दौलतपुर ढीकरी का एक, घास मंडी के पास एक, मोहल्ला सुकलान के तीन मरीज शामिल हैं।
संक्रमित मरीजों को आईसोलेशन वार्डों में भर्ती करा दिया गया है। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 3225 पहुंच गई है। सोमवार को 10 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए। स्वस्थ होने वालों की संख्या 2988 पहुंच गई है, 180 मरीजों का उपचार जारी है। 57 की अब तक मौत हो चुकी है।
कोट
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि जिले में अब तक 188421 की जांच हो चुकी है। सोमवार को संक्रमित मिले मरीजों को आईसोलेशन वार्डों में भर्ती करा दिया गया है।