दूध से भरे टैंकर में मिलावट का वीडियो वायरल
हापुड़। क्षेत्र से दिल्ली-गाजियाबाद सप्लाई होने वाले दूध में मिलावट का काला कारोबार जिले में खूब फलफूल रहा है। ऐसा ही एक वीडियो बृहस्पतिवार को वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा है। वीडियो में एक कैंटर से दूध निकालने और इसमें मिलावट करते हुए दो लोग नजर आ रहे हैं। हालांकि यह मामला पहले नहीं है, जनपद में कई स्थानों पर मिलावट का धंधा जमकर हो रहा है, लेकिन पुलिस आंखें मूंदे बैठी है।
देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत ततारपुर बाईपास किनारे दूध में खुलेआम मिलावट हो रही है। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से होकर दिल्ली-गाजियाबाद से गुजरने वाले टैंकरों को इन ठिकानों पर रुकवाकर यहां पहले दूध निकाला जाता है और फिर इस दूध की मात्रा को टैंकों में पूरा करने के लिए मिलावट कर दी जाती है। बृहस्पतिवार को ततारपुर के पास बताए जा रहे एक ऐसे ही ठिकाने का खुलासा एक वीडियो के माध्यम से हुआ। वीडियो में दो लोग पंप के माध्यम से कैंटर से दूध निकालकर उसे ड्रमों में भर रहे हैं। इसके बाद टैंकर में दूध की मात्रा को पूरा करने के लिए इसमें मिलावट की जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित विभागों पर उंगलियां उठने लग गई हैं। दरअसल, दूध में मिलावट के जिले में और भी कई ठिकाने हैं। जिले में देहात थाना क्षेत्र के टियाला बाईपास, हाफिजपुर और धौलाना में दो स्थानों पर मिलावट का खेल हो रहा है। इनमें कुछ ठिकाने नए हैं तो कुछ संबंधित विभागों की सरपरस्ती में कई वर्षों से चल रहे हैं। लेकिन ऐसे दूध माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती।
एडीएम जयनाथ यादव का कहना है कि संबंध में जांच कराई जाएगी। यदि दूध में मिलावट जैसा मामला प्रकाश में आता है, तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।