अंडरपास के लिए धरने को सपा-रालोद ने दिया समर्थन
गढ़मुक्तेश्वर। गांव सिखैड़ा में अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसानों को रालोद और सपा ने भी समर्थन दिया। वहीं किसानों ने मांग पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा के किसान और ग्रामीण निर्माणधीन हाईवे बाईपास पर गांव के जंगल के निकट अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर छह दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि उनके धरने के साथ ही समस्या की तरफ किसी भी विभाग के अधिकारी ध्यान देने के लिए तैयार नहीं हैं। बृहस्पतिवार को भी जारी धरने को समर्थन देने के लिए राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता नानक चंद शर्मा के अलावा सपा जिलाध्यक्ष तेजपाल प्रमुख, संजय गहलौत पहुंचे। वहीं भाकियू भानू के पदाधिकारी बृहस्पतिवार को धरना-प्रदर्शन में शामिल रहे। इस मौके पर तेजपाल प्रमुख ने कहा कि भाजपा के शासन में किसान और मजदूरों के हितों से खिलवाड़ किया जा रहा है, उनकी समस्याओं की ओर कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। जिससे किसान समेत गरीब तबके से जुड़े लोग परेशान हैं। ऐसी सरकार को आगामी चुनावों में जनता जवाब देगी।
इस दौरान मंसूर प्रधान, अरविंद त्यागी, डॉ. तनवीर, वाहिद, अंजार, मारूफ, इमरान, संजय त्यागी, सचिन त्यागी समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।