एआरटीओ की लोकेशन व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजने वाले को पुलिस ने दबोचा
हापुड़। ट्रांसपोर्टर्स को लाभ देने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप पर एआरटीओ की लगातार लोकेशन भेजने वाले एक शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले कई दिनों से एआरटीओ का लगातार पीछा करके उनकी जासूसी कर रहा था। शक होने पर एआरटीओ ने खुद आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस आरोपी का मोबाइल जब्त कर मामले की जांच कर रही है।
एआरटीओ महेश शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ से एक बाइक सवार उनके आसपास ही मौजूद रहता था। यह बात उनके स्टाफ द्वारा भी देखी गई। वह जिले में हों या गढ़ में उक्त बाइक सवार लगातार उनके आसपास ही मौजूद रहता था। लगातार एक बाइक के आसपास से गुजरने पर संदेह होने पर बुधवार सुबह एआरटीओ ने उक्त युवक को हाफिजपुर थाना क्षेत्र हाईवे पर दबोच लिया। उससे पूछताछ और मोबाइल की जांच करने पर जो बातें सामने आई, उसे देखकर एआरटीओ भी हैरान हो गए। किठौर निवासी अब्दुल कादिर पुत्र मुताहिर ने अपने मोबाइल पर कई व्हाट्सएप ग्रुप बना रखे थे। वह संबंधित ग्रुपों पर एआरटीओ की लोकेशन भेजता था। यहां तक कि एआरटीओ यदि कहीं कार्रवाई करते या कहीं बीच में रुककर किसी ढाबे पर खाना भी खाते तो इसकी भी फोटो और वीडियो भी ग्रुप पर शेयर करते थे।
शुरूआती जांच में पता चला है कि ट्रांसपोर्टर्स लोकेशन की जानकारी के लिए बाकायदा उसके पास फीस जमकर करके ग्रुप में एड हो जाते थे और हर रूट की जानकारी लेते थे।
कोट
हाफिजपुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह पूरा गैंग हो सकता है, जो अलग-अलग अधिकारियों की जासूसी के साथ जगह-जगह हाईवे पर मुस्तैद रहता हो। हर जिले में इनके लोग हो सकते हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।