बुलंदशहर रोड नेशनल हाईवे 334 स्थित टोल प्लाजा के अलावा ब्रजनाथपुर नहर पटरी पर वाहनों से अवैध उगाही को रोकने के लिए बुधवार सुबह एसडीएम मौके पर पहुंचे। इस दौरान एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
कुराना टोल पर वसूली के साथ साथ कुछ टोलकर्मियों को ब्रजनाथपुर शुगर मिल की ओर जाने वाली नहर पटरी पर तैनात किया गया है। ये लोग इस ओर जाने वाले वाहनों को रोककर उनसे उगाही करते हैं। इस संबंध में अमर उजाला द्वारा लगातार समाचार प्रकाशित किए जा रहे हैं। इस संबंध में मंगलवार को एडीएम जयनाथ यादव ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिसके बाद बुधवार को एसडीएम सत्यप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान भी यहां मौजूद तीन युवक नहर पटरी की ओर जा रहे वाहनों को रोक रहे थे। एसडीएम ने तीनों युवकों को हिरासत में लेने के निर्देश दिए। हाफिजपुर पुलिस द्वारा तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसडीएम सत्यप्रकाश का कहना है कि ब्रजनाथपुर नहर पुल से तीन युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।