यूरिया की किल्लत पर कांग्रेसियों ने घेरा मुख्यालय
हापुड़। प्रदेश में किसानों को हो रही यूरिया की भारी किल्लत और जनपद में कालाबाजारी को लेकर कांग्रेसियों ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय का घेराव किया। वहीं राज्यपाल संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय को सौंपा। उन्होंने शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन करते हुए किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने की मांग की। जिससे किसानों को समुचित मात्रा में यूरिया की सप्लाई हो सके।
कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व विधायक गजराज सिंह के नेतृत्व में डीएम कार्यालय पहुंचे। डीएम कार्यालय को सौंपे राज्यपाल संबोधित ज्ञापन सौंपने के बाद पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुना करने का दंभ भर रही है, लेकिन धरातल पर किसानों को यूरिया नहीं मिल पा रहा है। यूरिया की भारी किल्लत किसानों की परेशानी का सबब बन रही है। उनकी पैदावार भी प्रभावित हो रही है, जबकि सरकार अन्नदाताओं को हर संसाधन मुहैया कराने पर का दावा कर रही है। कहा कि हापुड़ जनपद में यूरिया के कालाबाजारी होने का मामला भी सामने आ चुका है। सहकारी समितियों में यूरिया खाद की कमी के कारण खाद की कालाबाजारी बढ़े पैमाने पर हो रही है। ऐसे समय में सरकार को सहकारी समितियों एवं खुले बाजार में भरपूर मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराना चाहिए।
जिलाध्यक्ष मिथुन त्यागी व शहर अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने संयुक्त रूप से कहा कि उत्तर प्रदेश के जिलों में यूरिया खाद की हो रही कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाएं जाएं। समय पर यूरिया खाद नहीं मिलने पर धान का उत्पादन प्रभावित होगा। जिससे किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद मिले। इसका बात का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेसी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लखनऊ तक मामले को उठाया जाएगा।
मौके पर पूर्व पीसीसी सत्य नारायण अग्रवाल, एससी एसटी प्रकोष्ठ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह, वीरेंद्र कुमार, अमरजीत सिंह जंगी, रजनीश त्यागी, मदन सिंह चौहान, जितेंद्र सिंह, शगुफ्ता राणा, मनोज कौशिक, गौरव गर्ग, अंकित शर्मा, विक्की शर्मा, कुसुम लता, सविता गौतम, राकेश खन्ना, भरतलाल शर्मा, विनोद कुमार आदि रहे।