ऑनलाइन संगोष्ठी में कोरोना संक्रमण से बचाव पर की चर्चा
हापुड़। भारत विकास परिषद हापुड़ संस्कार के तत्वावधान में कोरोना वायरस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें ऑनलाइन कोरोना से बचाव के कई बिंदुओं पर चर्चा की गई।
मुख्य वक्ता डॉ. गिरीश तिवारी ने कहा कि कोरोना वायरस एक जानलेवा बीमारी है। इसने पूरे विश्व को झकझोर कर रख दिया। यह वायरस हमारे मुंह एवं नाक द्वारा शरीर में प्रवेश करता है। इसलिए हमें मास्क का प्रयोग करना चाहिए। वहीं हाथों को सैनिटाइज करते रहें। सोशल डिस्टेंसिग का पालन किया जाए। दो गज की दूसरे हमेशा बनाकर रखें। अपने इम्यूनिटी सिस्टम को पावरफुल बनाकर रखें। जितनी हमारी इम्यूनिटी अच्छी होगी उतना ही हम इस बीमारी पर विजय प्राप्त कर सकते है। डॉ. प्रेमलता तिवारी ने कहा कि इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए हमे विटामिन ए, बी 2, बी 6, बी 12, सी, डी, ई विटामिन का अधिक सेवन करना चाहिए। साथ ही फल जैसे संतरा, मौसमी, नीबू, गाजर एवं दही, बादाम, लहसून, हल्दी, च्यवनप्राश, दूध इत्यादि का उपयोग करना चाहिए। धूप मे भी बैठे, विटामिन डी की गोली लें। अब हमे इसी वायरस के साथ जीना सीखना है जब तक वैक्सीन उपलब्ध नही होती। डॉ. अनिल बाजपेई, ललित गोयल ने कहा कि हमें पूर्ण सावधानी बरतनी चाहिए। सावधानी हटी दुर्घटना घटी को ध्यान में रखना है। इंदु वार्ष्णेय, रेनू बंसल ने कहा कि भारत विकास परिषद संस्कार समाज सेवा के कार्यों में अग्रणीय भूमिका का निर्वाह कर रही है। उन्होंने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान वंदना गुप्ता, अर्चना कंसल, डॉ. आराधना बाजपेई, अलका गर्ग, मुकेश महेश ने भी विचार व्यक्त किए ।