वेतन नहीं मिलने से शिक्षक परेशान, सौंपा ज्ञापन
हापुड़। परिषदीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को बीते महीने का वेतन नहीं मिल सका है। जबकि सेवानिवृत्त शिक्षकों को भविष्य निधि का भुगतान भी नहीं हुआ है। इस मामले में बीएसए को ज्ञापन देकर राहत दिलाने की मांग उठाई गई है।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री नीरज चौधरी ने बताया कि अनेक त्योहार बीतने के बाद भी शिक्षकों को जुलाई महीने का वेतन नहीं मिल सका है। ऐसे में शिक्षकों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पांच माह बीत जाने के बाद भी अनेक सेवानिवृत्त शिक्षकों का भविष्य निधि का भुगतान अभी भी लंबित है। ऐसे में उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि विभाग में वित्ता एवं लेखाधिकारी बीते दिनों कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। ऐसे में भी वेतन निकलने में समस्या आ रही है। पदाधिकारियों ने इस मामले में बीएसए को ज्ञापन देकर, कार्यवाहक लेखाधिकारी की नियुक्ति की मांग की है, ताकि शिक्षकों को वेतन मिल सके।