जिले में कोरोना के 33 नए मामले, संख्या पहुंची 1291
हापुड़। जिले की औद्योगिक इकाई व फैक्टरियों में कोरोना का प्रकोप दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। शनिवार को मदर डेयरी समेत कई स्थानों पर 33 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही अब जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1291 हो गई है, जबकि 30 मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए।
कोरोना का प्रकोप जिले में तेजी से फैल रहा है। शनिवार को धौलाना स्थित मदर डेयरी के 10, अनवरपुर स्थित चेतन इंटरप्राइजेज के चार समेत कुल 33 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके अलावा कंदौला के सात, न्यू शिवपुरी के छह, रजनी विहार के दो, छिजारसी के एक, जटटपुरा के एक, लाखन के एक, गांधी कॉलोनी बसे स्टैंड पिलखुवा क एक मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई।
बता दें कि इन दिनों नगर, मोहल्लों में कम जबकि औद्योगिक इकाईयों में अधिक मरीज मिल रहे हैं। जिले में अब स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 1041 हो गई है। 231 मरीज एक्टिव हैं, जिनका उपचार चल रहा है। वहीं, अब तक 19 लोगों की कोरोना के चलते मौत हो चुकी है।
कोट
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि संक्रमित मिले मरीजों को आइसोलेशन वार्डों में भर्ती करा दिया गया है। संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग कराई जा रही है।