रोडवेज के चार चालक, एक परिचालक की सेवा समाप्त
हापुड़। लॉकडाउन के बाद से अब तक रोडवेज के पांच कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आए। कई बार नोटिस भेजने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं होने पर एआरएम ने चार चालक व एक परिचालक की संविदा समाप्त कर दी है। साथ ही कई अन्य कर्मियों को नोटिस जारी किया है। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन में तमाम रोडवेज बसों का संचालन बंद रहा था। करीब दो महीने पहले बस सेवा बहाल कर दी गई। हापुड़ डिपो की बसों में तैनात परिचालक नेम सिंह कश्यप व चालक पवन, सरोज कुमार, सुधीर कुमार, जयपाल सिंह ड्यूटी पर नहीं पहुंच सके।
एआरएम ने उनके घर कई बार नोटिस भिजवाया। लेकिन कोई प्रक्रिया नहीं आ सकी। मामले की गंभीरता पर इन पांचों कर्मियों की सेवा समाप्त कर दी गई है। साथ ही अन्य लापरवाह कर्मिंयों को भी नोटिस जारी कर दिया गया है। एआरएम की कार्रवाई से डिपो के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनपी सिंह ने बताया कि पांचों संविदा कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई है। इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।