दिल्ली-मुरादाबाद रूट पर दौड़ रहीं 250 डग्गामार बसें
हापुड़। दिल्ली मुरादाबाद रूट पर जिले की सीमा में होकर 200-250 बसें प्रतिदिन फर्राटा भर रही हैं, जो नेपाल बॉर्डर तक भी जाती हैं। जिला पंचायत सदस्य कृष्णकांत हूण ने सर्वे की रिपोर्ट सीएम को भेजी है। जिसमें परिवहन विभाग के अधिकारियों पर भी सह देने का आरोप लगाया गया है। लॉकडाउन में भी इन बसों का संचालन जारी रहा, मजदूरों से इन बसों में दो से 10 हजार रुपये तक वसूले गए।
जिला पंचायत सदस्य कृष्णकांत हूण ने बताया कि परिवहन विभाग चुनिंदा गाड़ियों पर कार्रवाई कर, डग्गामार बसों का संचालन बंद कराने का दम भरता रहता है। लेकिन असलियत इसके उल्ट है। आलम यह है कि इन दिनों दिल्ली मुरादाबाद रूट पर 200-250 डग्गामार बसें धड़ल्ले से दौड़ रही हैं।
इन बसों के संचालन के न तो कोई मानक हैं और न ही इनकी गति पर कोई नकेल। आए दिन जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी यही बसें बनती है। उन्होंने बताया कि सर्वे में उन्होंने खुद इन बसों के रजिस्ट्रेशन नंबर चैक कराए हैं। जिसकी सूची रिपोर्ट में संलग्न कर, सीएम योगी आदित्यनाथ को भेज गई है। उन्होंने परिवहन के अधिकारियों पर भी पैसे लेकर, इन बसों को जिले में प्रवेश कराने का आरोप लगाया है। कुल मिलाकर माफियाओं से मिलकर कुछ अधिकारी रोडवेज को भी करोड़ों रुपये का राजस्व चूना लगा रहे हैं।