शहर के अधिकतर मुख्य मंदिरों को खोलने पर निर्णय फिलहाल नहीं
हापुड़। कोरोना संकट काल में शहर में फैल रहे संक्रमण को देखते हुए अधिकतर मंदिर समितियों ने मंदिरों को अभी नहीं खोले जाने का निर्णय लिया है। शहर के मुख्य मंदिर फिलहाल बंद रहेंगे, जबकि सबली महादेव मंदिर और छपकौली स्थित प्राचीन शिव मंदिर को नियमों के अनुसार खोले जाने के लिए समितियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रदेश सरकार ने शर्तों और पाबंदियों के साथ आठ जून से कंटेनमेंट जोन से बाहर के धार्मिक स्थलों को खोले जाने की अनुमति दे दी है। धार्मिक स्थल में एक बार में केवल पांच लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति होगी। सरकार के इस निर्णय के बावजूद शहर के मुख्य चंडी देवी मंदिर और मंशा देवी मंदिर कंटेनमेंट जोन के अंदर होने के कारण बंद रहेंगे। जबकि शहर के अन्य मुख्य मंदिरों की समितियों ने भी फिलहाल मंदिर बंद रखने का फैसला लिया है। कलक्टर गंज स्थित हनुमान मंदिर 21 जून तक बंद रहेगा। रेलवे रोड स्थित देवी माता मंदिर और दिल्ली रोड स्थित भैरो मंदिर को भी अभी खोले जाने का निर्णय नहीं लिया गया है। इसके अलावा सबली स्थित महादेव मंदिर और छपकौली प्राचीन मंदिर नियमों के साथ खोले जाएंगे। सबली मंदिर समिति के संरक्षक पवन त्यागी और छपकौली महादेव स्थित श्यामेश्वर मंदिर सेवा समिति के कोषाध्यक्ष बुद्धप्रकाश शर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन के अनुसार मंदिर खोले जाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर समिति द्वारा आने वाले भक्तों से नियमों का पालन कराया जाएगा।