बैंकों में नहीं बन रही व्यवस्था, लोग कतार लगाने को मजबूर
हापुड़। कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए लॉक डाउन लागू किया गया है। लेकिन बैंकों में व्यवस्था बनती नजर नहीं आ रही। आलम यह है कि कहीं एटीएम मशीनें खराब हैं तो कहीं एंट्री मशीन। ऐसे में लोगों को कतारों में फंसकर परेशान होना पड़ रहा है। ऐसे में संक्रमण का भी खतरा बढ़ रहा है।
कोरोना से जंग जितने को सरकार सोशल डिस्टेंसिंग का फार्मूला लागू कर रही है। लेकिन व्यवस्थाओं के आगे यह फार्मूला फ्लाप नजर आ रहा है। गांव बदनौली स्थित बैंक के बाहर लोग झुंड बनाकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। काफी इंतजार के बाद भी उनकी पासबुक में एंट्री नहीं हो सकी।
ग्रामीणों ने बताया कि एंट्री मशीन खराब होने के चलते उनकी पासबुक में एंट्री नहीं हो सकी है। इसके अलावा मेरठ रोड आवास विकास बैंक के पास बने एटीएम में कैश खत्म था। जिसके चलते लोग पैसों के लिए बैंक के बाहर कतार लगाए खड़े रहे।
एलडीएम आशुतोष पांडेय का कहना है कि बैंकों के बाहर लोग अधिक संख्या में एकत्र न हों। बैंक अधिकारी व्यवस्था बनाकर रखें तो लॉक डाउन का पालन हो सके।