जिले में छह स्थानों पर रखे जाएंगे बाहर से आ रहे लोग
हापुड़। जिले की सीमा से होकर गुजरने वाले हजारों लोगों को अब जिले में चिन्हित किए गए छह स्थानों पर रखा जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने इन स्थानों को निरीक्षण कर, व्यवस्थाएं दुरुस्त करा दी है। आला अधिकारी टोल टैक्स पर मुस्तैद रहे। वहीं से ऐसे लोगों को इन चिन्हित स्थानों पर भेजा गया।
कोरोना वायरस को लेकर देशभर में लॉक डाउन है, लाखों की संख्या में लोग लॉक डाउन में फंस गए, जो अब पैदल ही अपने गंतव्यों की ओर बढ़ रहे हैं। लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से बसों की व्यवस्था करायी गई है। रविवार को भी जिले से करीब दस हजार लोगों को बसेां से उनके गंतव्यों की ओर रवाना किया गया।
लोगों की भारी भीड़ के चलते संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। जिसके चलते अब हापुड़ में जिला प्रशासन ने ऐसे लोगों के रुकने की व्यवस्था जिले में 6 स्थानों पर कर दी हैं। इनमें मोनार्ड यूनिवर्सिटी, पिलखुवा में शहीद स्मारक के सामने मॉल, ईदगाह रोड रैन बसेरा, बाबूगढ़ बारातघर, दो स्थान गढ़ में चिंहित किया है। यहां बाहर से आ रहे लोगों के रुकने की व्यवस्था की गई है। साथ ही खाने, पीने के साथ ही चिकित्सा की भी सुविधा मुहैया करायी जाएगी।
डीएम अदिति सिंह ने समस्त व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के आदेेश जारी किए हैं। एडीएम, सीडीओ, एसडीएम ने टॉल टैक्स पर निरीक्षण भी किया। साथ ही बाहर से आ रहे लोगों को चिंहित स्थानों पर भेजा। जिला प्रशासन की इस पहल से संक्रमण फैलने के खतरे को रोका जा सकेगा।