आशाएं बनी जनप्रहरी, घर-घर जाकर कर रहीं सर्वे
हापुड़। कोरोना वायरस से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए आशाएं अब जनप्रहरी का काम कर रही हैं। विभागीय अधिकारियों द्वारा उन्हें प्रशिक्षित किया गया है। जिसके बाद शहर, गांव के प्रत्येक गली मोहल्ले में जाकर आशाएं विदेश से लौटे लोगों की सूची बना रही हैं। साथ ही खांसी, बुखार से पीड़ित मरीजों को सावधान रहने की हिदायत दे रही हैं। कोरोना के लक्षण मिलने पर सैंपल भी स्वास्थ्य विभाग को मुहैया कराएंगी।
कोरोना वायरस को लेकर दुनिया भर में अलर्ट है। हापुड़ जिले में भी पूरी सतर्कता बरती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड पर गौर करें तो अभी तक एक भी मरीज में कोरोना की पुष्टि नहीं हो सकी है। लोगों को घरों के अंदर ही रहने की हिदायत दी गई है। विदेश से आए लोगों की भी हेल्थ स्क्रीनिंग करायी जा रही है।
विभागीय अधिकारियों ने अब घर घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए आशाओं को प्रशिक्षित किया गया है। आशाएं अब फील्ड में उतर गई हैं। प्रत्येक शहर, गांव की गली मोहल्लों में जाकर यह टीमें लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी कर रही हैं। अधिकांश मरीज सामान्य बुखार और खांसी से पीड़ित मिल रहे हैं।
इसके अलावा आशाएं विदेश से लौटे लोगों की भी घर घर जानकारी कर रही हैं। ताकि उन्हें आइसोलेट कर, संक्रमण से बचाया जा सके। इतना ही नहीं आशाएं कोरोना के संदिग्ध मरीजों का सैंपल भी एकत्र करेंगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रेखा शर्मा ने बताया कि कोरोना से जंग जीतने के लिए आशाएं पूरा सहयोग दे रही हैं। उन्हें बचाव के तमाम संसाधन दिए गए हैं। लोग आशाओं को सही जानकारी दें, ताकि सर्वे में परेशानी न हो।