लॉक डाउन की अफवाह, बाजारों में उमड़ी भीड़
हापुड़। जिले के नजदीकी मेरठ और गाजियाबाद में लाक डाउन के बाद सोमवार को हापुड़ में भी अफवाहों का बाजार गर्म रहा। जरूरत के सामानों की खरीददारी के लिए लोग बड़ी संख्या में बाजार पहुंचे। हालांकि प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते शासन द्वारा मेरठ गाजियाबाद, नोएडा में लॉक डाउन कर दिया गया है। हापुड़ भी इन जिलों के काफी नजदीक है। इतना ही नहीं लॉक डाउन घोषित हुए जिलों में भी हापुड़ से बड़ी संख्या में लोग नौकरियों के लिए जाते हैं। सोमवार को अचानक अफवाह फैली कि हापुड़ में भी लॉक डाउन हो रहा है। इसके चलते अचानक हापुड़ के बाजारों में बड़ी संख्या में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी। नवरात्रों के नजदीक होने के चलते श्रद्धालु सोमवार को इसलिए सामान की खरीददारी करने पहुंचे ताकि भविष्य में उन्हें दिक्कत न उठानी पड़े। वहीं प्रशासन द्वारा लगातार लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
एसडीएम सत्य प्रकाश का कहना है कि लोग अफवाहों पर कतई ध्यान ना दे बाजारों में आवश्यक चीजों की कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी। यदि इस तरह का प्रकरण सामने आया तो कार्रवाई होगी। जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री उपलब्ध है इसलिए लोग परेशान न हो।