दुबई से लौटा युवक शादी समारोह में हुआ शामिल
हापुड़। दुबई से सिंभावली लौटा एक युवक आइसोलेशन के नियमों का उल्लंघन कर शादी समारोह में शामिल हुआ। इसकी सूचना प्रशासन को मिली तो हड़कंप मच गया। डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उक्त व्यक्ति के घर नोटिस चस्पा कर भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर पासपोर्ट निरस्त करने की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार 17 मार्च को सिंभावली निवासी व्यक्ति दुबई से अपने घर लौटा था। प्रशासन की ओर से विदेश से लौटे सभी लोगों को 14 दिन तक घर में ही आइसोलेट रहने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि कोरोना का वायरस किसी और में न फैल सके लेकिन उक्त व्यक्ति 21 मार्च को किठौर रोड स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंच गया। इसकी सूचना प्रशासन को मिली तो हड़कंप मच गया। आनन फानन में डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम उक्त व्यक्ति के घर पहुंची और नोटिस चस्पा किया। टीम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 14 दिन तक वह अपने घर के अंदर ही रहे। समस्या होने पर सूचना दें, यदि भविष्य में घर से बाहर घूमते मिले तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम अदिति सिंह ने बताया कि विदेश से लौटे लोग यदि आइसोलेशन के नियमों का उल्लंघन करते हैं, तो संबंधित एसडीएम व सीओ उनके पासपोर्ट निरस्त करेंगे। विदेश से लौटे लोग 14 दिन तक घर के अंदर ही रहें। ताकि अन्य लोग सुरक्षित रह सकें।