हापुड़ में 150 मरीजों में मिले टीबी के लक्षण
हापुड़। जनपद में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से चलाए गए टीबी खोज अभियान के तहत प्राथमिक जांच में स्वास्थ्य अफसरों को 150 मरीजों में टीबी के लक्षण मिले हैं, जिनके बलगम का सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है। दो में टीबी की पुष्टि हो चुकी है। बुधवार को 3088 घरों में जाकर 16,503 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
वर्ष 2025 तक देश को टीबी मुक्त करने की दिशा में कवायद शुरू हो चुकी है। जिलेभर में अभियान चलाकर घर घर मरीज ढूंढने की पहल जारी है। बुधवार को अभियान में लगी 58 टीमों ने घर घर जाकर 16,503 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। जांच में टीम ने 150 संदिग्ध मरीजों को चयनित कर लिया है। प्राथमिक जांच में इनमें टीबी के लक्षण मिले हैं, इनका बलगम सैंपल भी जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच में दो लोगों में टीबी की पुष्टि भी हो चुकी है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि अभियान में जिले की कुल आबादी के 10 फीसदी लोगों के स्वास्थ्य की जांच होगी। टीबी के संदिग्ध मरीजों की जांच कर, पॉजीटिव मिलने पर उन्हें बेहतर उपचार दिलाया जाएगा।