फब्तियां कसने पर छात्रा ने युवक को पीटा
पिलखुवा। इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा को दो युवकों ने फब्तियां कसनी शुरू की दी। छात्रा ने एक युवक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर शोर मचाना शुरू कर दिया। राहगीरों को अपनी ओर आता देख आरोपी युवक छात्रा से किसी तरह छूटकर भाग गया।
मंगलवार को इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा हुई थी। द्वितीय पाली में इंटर का पेपर देकर शाम को एक छात्रा घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने छात्रा को देखकर फब्तियां कसनी शुरू कर दी तथा छात्रा के विरोध करने पर एक युवक ने उसका हाथ पकड़ने का प्रयास किया। छात्रा ने आरोपी एक युवक को पकड़कर उसकी धुनाई शुरू कर दी और शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी बीच दूसरा आरोपी युवक मौके से भाग गया। राहगीर एवं अन्य लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी युवक छात्रा से छूटकर भाग गया। बाद में लोगों ने उक्त युवकों का काफी पीछा किया, लेकिन हाथ नहीं लग सका। कोतवाली पुलिस का कहना है कि इस संबंध में उनके पास कोई तहरीर नहीं आई हैं। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।